•गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास वारदात को दिया अंजाम, चार-पांच बदमाशों ने घेरकर की लूटपाट; पुलिस तलाश में जुटी।
रिपोर्ट: गंगेश कुमार
हरिद्वार। कनखल हाईवे पर बदमाशों ने लूटपाट का नया तरीका अपनाते हुए एक बाइक सवार को माचिस मांगने के बहाने रोक लिया। बीड़ी जलाने के बहाने बातचीत में उलझाकर उसके चार-पांच अन्य साथी मौके पर पहुंच गए और बाइक सवार को घेरकर पांच हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर के कस्साबान निवासी कामिल मंगलवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे पर एक युवक ने उन्हें रोककर बीड़ी जलाने के लिए माचिस या लाइटर मांगा। कामिल ने उसे लाइटर दे दिया। युवक ने बीड़ी जलाकर एक बीड़ी कामिल को भी दी और उन्हें बातचीत में उलझा लिया।
इसी बीच उसके चार-पांच अन्य साथी वहां पहुंच गए और कामिल को घेर लिया। आरोपितों ने धमकाते हुए उनकी जेब से पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। कामिल के शोर मचाने पर सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपितों की तलाश में जुटी है।


