•एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने चौखड़ा की ऐतिहासिक रामलीला का किया उद्घाटन।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चौखड़ा में बुधवार को 11 दिवसीय ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है। आज भले ही लोग रामराज्य की कल्पना करते हैं, लेकिन जब तक हम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में नहीं उतारेंगे, तब तक रामराज्य की स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि रामलीला देखने की सार्थकता तभी है, जब इसके माध्यम से मिलने वाली सीख को अपने व्यवहार और जीवन में अपनाया जाए।
वहीं कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि रामलीला में भाई-भाई का प्रेम, पति-पत्नी का समर्पण तथा पिता-पुत्र के रिश्तों की मर्यादा का सुंदर चित्रण किया जाता है। ये सभी प्रसंग सामाजिक और पारिवारिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण सीख देते हैं। उन्होंने चौखड़ा की रामलीला को ऐतिहासिक बताते हुए एक सुंदर भजन भी प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर दर्शक झूम उठे।
रामलीला के प्रथम दिन कलाकारों ने पृथ्वी पर रावण के अत्याचार और राक्षसों के आतंक का सजीव मंचन किया। राक्षसों के अत्याचार से भयभीत देवता ब्रह्मा जी और भगवान शंकर के पास पहुंचते हैं तथा सभी मिलकर भगवान विष्णु की आराधना करते हैं। इस पर भगवान विष्णु प्रकट होकर राजा दशरथ के यहां श्रीराम के रूप में जन्म लेने और राक्षसों का संहार कर पृथ्वी को उनके आतंक से मुक्त कराने का आश्वासन देते हैं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सुंदर एवं मनोहारी दृश्य देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर रामलीला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, प्रबंधक अर्जुन अर्कवंशी, गोपाल, धर्मराज, धीरू, बृजेश, रवि मोदनवाल, भारत यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंटू गुप्ता, कौशल ट्रेलर, मंगल हलवाई, अंतरिक्ष प्रताप सिंह, अंशुमान सिंह, अमित सिंह, जय मिश्रा, बजरंग मिश्रा, विनोद अर्कवंशी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ठाकुर प्रसाद मिश्र ने किया।


