•सफाई के नाम पर हो रही खानापूर्ति, नगर की बदहाल स्थिति पर नागरिकों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। दीपावली का त्योहार बीतने के बाद नगर क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि नगर में नियमित साफ-सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था बदहाल होती जा रही है।
नगर की इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर गंभीर है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वच्छ एवं साफ-सुथरे प्रदेश का सपना है, लेकिन नगर क्षेत्र में जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते अभियान का असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। कागजों में सफाई व्यवस्था बेहतर दिखाई जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नियमित कूड़ा उठान और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की अपील की है।


