•कार्यक्रम रद्द होने से सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी, मनीष मिश्र के समर्थकों ने जताई आपत्ति
बस्ती। छठ महापर्व के अवसर पर अमहट घाट पर भाजपा नेता एवं समाजसेवी मनीष मिश्र की ओर से प्रस्तावित सूप और फल वितरण कार्यक्रम पर रोक लगाए जाने का मामला सामने आया है। वितरण के लिए मंगाई गई सूप और फल सामग्री को कार्यक्रम नहीं हो पाने के कारण वापस ले जाना पड़ा। इस घटना से सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और लोक परंपरा से जुड़ा पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच सूप और फल जैसी पूजन सामग्री का वितरण एक सामाजिक एवं धार्मिक सेवा का कार्य है। ऐसे आयोजन से किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। लोगों ने सवाल उठाया कि आस्था से जुड़े इस तरह के सेवा कार्यों में व्यवधान क्यों पैदा किया जा रहा है?
मनीष मिश्र के समर्थकों ने कहा कि समाजसेवा और धार्मिक कार्यों के प्रति उनका समर्पण किसी बाधा से रुकने वाला नहीं है। जिन लोगों ने अपना मन, तन और धन समाज के लिए समर्पित कर दिया है, वे जनसेवा के कार्यों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समर्थकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यों में बाधा डालने से किसी के सेवा भाव और संकल्प को समाप्त नहीं किया जा सकता। समाज के हित में समर्पित व्यक्ति अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि समाज इस तरह के घटनाक्रम को गंभीरता से ले रहा है और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य को आसानी से स्वीकार नहीं करेगा।
अमहट घाट पर वितरण सामग्री वापस लौटाए जाने की घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाया जाएगा।

