लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और शादी की बात कहने पर उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को पीड़िता ने बिजनौर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि ओमेक्स सिटी, बिजनौर रोड निवासी गौरव सिंह (27) ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने गौरव से शादी करने के लिए कहा तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि गौरव ने उसे और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गौरव सिंह के खिलाफ मुकदमा संख्या 321/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 115(2), 351(3) और 352 के तहत कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद 14 नवंबर 2026 को आरोपी गौरव सिंह पुत्र स्वर्गीय नटवर सिंह निवासी ओमेक्स सिटी, बिजनौर रोड को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बिजनौर कपिल गौतम के नेतृत्व में की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


