•मंगलवार को बरसाना में ब्रह्मलीन रमेश बाबा को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि, आगरा भी जाएंगे मुख्यमंत्री।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर मथुरा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:05 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से कार द्वारा 2:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके प्रवास को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार 17 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे गो अनुसंधान केंद्र से कार द्वारा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। 2:35 बजे हेलीपैड पहुंचकर हेलीकॉप्टर से बरसाना के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:50 बजे मान माता गौशाला बरसाना स्थित हेलीपैड पर पहुंचने के बाद 3 बजे गौशाला जाएंगे। यहां दोपहर 3:00 से 3:15 बजे तक ब्रह्मलीन रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से फतेहाबाद के पूर्व विधायक स्वर्गीय छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:40 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और शाम 5:50 बजे पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर शासन स्तर से मंडलायुक्त आगरा सहित मथुरा के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


