रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख समाजसेवी अनिल अग्रवाल (84 मथुरा-वृन्दावन) ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज जनता हर तरफ से परेशान है। महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। सिलेंडर के रेट देखो, पेट्रोल के रेट देखो, सब्जियों के रेट देखो, दालों के रेट देखो, हर चीज महंगी हो गई है। गरीब, मध्यम वर्ग, ठेली वाला, दुकानदार, किसान, सबका सब्र अब टूट चुका है।
उन्होंने कहा कि “कम करो, कम करो, गैस सिलेंडर के दाम कम करो, आज हजार रुपए का सिलेंडर है।”
अनिल अग्रवाल ने याद दिलाया कि 2013 में सिलेंडर 400 रुपए का था, तब स्मृति ईरानी सिलेंडर पर बैठकर विरोध करती थीं, कहती थीं – भाई इसे कम करो, कम करो। आज वही सिलेंडर 1000 रुपए का हो गया है, सरकार मात्र 200 रुपए की सब्सिडी देती है। सब्सिडी आई या नहीं, ये देखने के लिए ही जनता को मोटरसाइकिल में 200 रुपए का पेट्रोल खर्च करके बैंक जाना पड़ता है। यानी जनता को राहत देने के नाम पर भी जनता की जेब ही काटी जा रही है।
उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव नजदीक है। जनता ने चुना था, जनता ही जवाब देगी। जनता अब सब समझ चुकी है। जनता जाग गई है। जनता को अब भाषण नहीं, राहत चाहिए।
ठेली वालों का दर्द
अनिल अग्रवाल ने कहा कि जनता परेशान है, सबसे ज्यादा ठेली वाले परेशान हैं। रोज चालान, रोड टैक्स, रूट आवंटन के नाम पर ठेली वालों को इधर से उधर भगा देते हैं, उधर से इधर भगा देते हैं। ठेली वाला सुबह घर से कमाने निकलता है, शाम को खाली हाथ घर जाता है।
नगर निगम वाले ट्रैक्टर में ठेला रखकर या ठेले का सामान रखकर चल देते हैं, फिर नगर निगम के चक्कर काटो, तब जाकर सामान मिलता है। ठेली वाले का सामान ही उसकी पूंजी है, वही छीन लिया जाता है तो वह अपने बच्चों को क्या खिलाएगा?
बारिश में समुंदर बन जाते हैं चौराहे
उन्होंने कहा कि बारिश में मथुरा-वृन्दावन के सभी चौराहे समुंदर की तरह हिलोरें लेते हैं। कोई समाधान ही नहीं है कि पानी इकट्ठा न हो। नालियां भरी हुई हैं। नालियों की सफाई के नाम पर सिर्फ कागजों में काम होता है।
यमुना में गंदा पानी जा रहा है। जिस यमुना में दर्शनार्थी आचमन करना चाहते हैं, स्नान करना चाहते हैं, वही यमुना गंदी हो गई है। दर्शनार्थी आचमन कैसे लें? ब्रज में आने वाला श्रद्धालु क्या लेकर जाएगा?
2027 में होगा परिवर्तन
अनिल अग्रवाल ने कहा कि जनता जाग गई है। 2027 में बहुत बड़ा परिवर्तन होगा, तभी जनता को राहत मिलेगी। अब जनता को महंगाई से मुक्ति चाहिए, ठेली वालों को सम्मान चाहिए, नगर को साफ-सुथरा वातावरण चाहिए और यमुना को स्वच्छता चाहिए।


