बस्ती। वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला की धरती पर अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले 114 वीर अहीर सैनिकों की शहादत को नमन करने के लिए बुधवार को कुदरहा स्थित ब्लॉक परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं देशभक्तों ने हिस्सा लेकर सैनिकों के योगदान पर चर्चा करते हुये उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
समाजवादी पार्टी नेता और महादेवा विधानसभा से प्रबल दावेदार गीता भारती ने इस मौके पर कहा कि भारत का इतिहास वीरता, त्याग, बलिदान और राष्ट्र प्रेम की असंख्य गाथाओं से समृद्ध है। देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा में भारतीय सेना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
रेजांगला शौर्य दिवस 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की लड़ाई में भारतीय सैनिकों के असाधारण साहस और बलिदान की याद दिलाता है। यह दिन मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 13 कुमाऊं बटालियन की चार्ली कंपनी के 120 सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता है, जिन्होंने भारी संख्या में चीनी सैनिकों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और 114 सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया।
अमर शहीदों को नमन् करने वालों में गंगा प्रसाद यादव, प्रेम जी यादव, अनिल कुमार यादव शिवाजी यादव, अवधेश सिंह जी, कैप्टन आर के यादव, सार्जेंट विजयपाल, रामजी गोंड, रामगोपाल सिंह, नागेंद्र यादव, सौरव गुप्ता, मेजर उपाध्याय, रमेश सिंह, प्रेम नारायण गोस्वामी, रविंद्र यादव, शिवा अंबेडकर, रुपेश यादव, विजय लक्ष्मी, सुमन देवी के साथ ही बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


