•तीन साल पहले हुई हत्या से जुड़ी बताई जा रही रंजिश, घायल लखनऊ रेफर
सीतापुर। थाना क्षेत्र के लोहारखेड़ा गांव में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि सगे भतीजे ने अपने चाचा पर तमंचे से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, लोहारखेड़ा निवासी रामअवध सिंह उर्फ फूल सिंह (पुत्र रामलाल सिंह) बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिक्रमा-तेजीपुरवा मार्ग से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके सगे भतीजे अमृत सिंह (पुत्र स्वर्गीय संजय सिंह) ने कथित तौर पर तमंचे से उन पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को अपनी सरकारी जीप से पिसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
तीन साल पहले हुई हत्या से जुड़ा है विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक, फूल सिंह और संजय सिंह सगे भाई थे। उनके पिता रामलाल बड़े बेटे संजय सिंह के साथ रहते थे। परिवार के पास करीब 150 बीघा जमीन बताई जाती है। खेती और जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले फूल सिंह ने अपने बड़े भाई संजय सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद रामलाल ने संजय की पत्नी के नाम 25 बीघा जमीन कर दी थी। ग्रामीण इसी पारिवारिक विवाद और जमीन के बंटवारे को मौजूदा हमले की वजह बता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


