केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में जनपद में धान विक्रय हेतु किसानो के पंजीकरण एवं सत्यापन आदि से संबंधित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा धान विक्रय हेतु किसानो के पंजीकरण एवं सत्यापन की तहसीलवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश और मार्गदर्शन दिया गया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद 01 नवम्बर 2026 से प्रारम्भ होकर 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना अनतर्गत कामन धान 2441 रू0 प्रति कु० एवं ग्रेड ए 2461 रू0 प्रति कु० निर्धारित किया गया है। जनपद में धान खरीद का लक्ष्य 60000 मी०टन (जिसमें खाद्य विभाग को 40000 मी०टन, पी०सी०एफ० 12500 मी०टन, पी०सी०यू० को 6300 मी०टन, मण्डी समिति को 700 मी०टन एवं भारतीय खाद्य निगम को 500 मी०टन) निर्धारित किया गया है। जनपद में कुल 64 धान क्रय केन्द्रों (खाद्य विभाग के 32, पी०सी०एफ० के 21, पी०सी०यू० के 09, मण्डी समिति के 01 एवं भा० खा०नि० के 01) का अनुमोदन जिलाधिकारी महोदया के स्तर से किया जा चुका है। जनपद में अभी तक कुल 135 किसानो से 692. 84 मी०टन धान की खरीद की गयी है जो कि लक्ष्य का 1.135 प्रतिशत है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद में धान की बिक्री हेतु पंजीकृत एवं सत्यापित किसानो के पंजीकरण के कम सत्यापन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी एवं सभी सम्बन्धित तहसील के उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि धान विक्रय हेतु पंजीकृत किसानों के सत्यापन में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाये तथा सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाये, जिससे पंजीकृत किसानो को धान विक्रय में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो, साथ ही जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के ऐसे केन्द्र जिन पर अभी खरीद प्रारम्भ नही हुई है उन अवशेष क्रय केन्द्रों पर तत्काल खरीद कराना सुनिश्चित करें।


