वृन्दावन। अल्हैपुर मार्ग (निकट राधा फ्लोरेंस) स्थित नवनिर्मित श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम में दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रहे पंच दिवसीय उदघाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे प्रातःकाल 108 ब्राह्मणों के द्वारा सहस्र चंडी पाठ किया गया।तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीदक्षिण काली माता की प्रतिमा की स्थापना की गई।
साथ ही समस्त भक्तों-श्रृद्धालुओं के द्वारा 1008 दीपों से श्री दक्षिण काली माता की प्रथम आरती की गई। सायं काल श्रीहनुमद् आराधन मण्डल, वृन्दावन के तत्वावधान में सुन्दर काण्ड का संगीतमय सामूहिक पाठ किया गया।तत्पश्चात विलासपुर (छत्तीसगढ़) से आए प्रख्यात कलाकारों के द्वारा दिव्य काली स्वरूप की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई।साथ ही दैत्यराज रक्तबीज नाशन लीला का मंचन किया गया।
इस अवसर पर मथुरा – वृन्दावन के यशस्वी विधायक व पूर्व ऊर्जा मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार पण्डित श्रीकान्त शर्मा, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुराणाचार्य डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, आचार्य अशोक व्यास रामायणी महाराज, महोत्सव के संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे, आचार्य विपिन बापू महाराज, आचार्य बुद्धि प्रकाश शास्त्री, पण्डित मुकेश मोहन शास्त्री, आचार्य विनय त्रिपाठी,आचार्य मंगेश दुबे, पण्डित श्याम सुन्दर ब्रजवासी, आचार्य राजेश कृष्ण शास्त्री, आचार्य चैतन्य किशोर कटारे, डॉ. राधाकांत शर्मा, आचार्य अभिषेक कृष्ण महाराज, आचार्य डॉ. ऋषि तिवारी, आचार्य डॉ. रामविलास चतुर्वेदी, आचार्य शिवप्रसाद उपाध्याय, यज्ञाचार्य ब्रजमोहन सेम्वाल, आचार्य भूति कृष्ण महाराज, आचार्य सुमन्त कृष्ण शास्त्री, रासाचार्य स्वामी रामशरण शर्मा, पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, भजन गायक बनवारी लाल संगीताचार्य, राजेन्द्र प्रसाद पुरोहित, आचार्य शिवांश भाई मिश्र, स्वामी प्रेम शरण शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष भागवत किंकर कमल नयन महाराज एवं महोत्सव के संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे ने महोत्सव में पधारे सभी सन्तों विद्वानों व धर्माचार्यों एवं आगंतुक अतिथियों का स्वागत शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह एवं ठाकुरजी का पटुका-प्रसादी-माला आदि भेंट करके किया।
रात्रि को सन्त ब्रजवासी वैष्णव सेवा एवं वृहद भंडारा हुआ।जिसमें सैकड़ों व्यक्तियों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।


