रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। राधानगर गुरुद्वारा साहिब में रविवार, 22 नवंबर को गुरबाणी जप-तप एवं चौपहरा साहिब समागम का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में नानक नाम लेवा साध संगत के शामिल होने की अपील की गई है।
राधानगर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं समस्त स्त्री साध संगत की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार समागम दोपहर एक बजे गुरुद्वारा साहिब में प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम अरदास के उपरांत जपुजी साहिब, चौपई साहिब एवं सुखमनी साहिब के पाठ किए जाएंगे। गुरबाणी पाठ एवं जप-तप का सिलसिला शाम 5:45 बजे संपन्न होगा। इसके पश्चात संगत के बीच यथायोग्य प्रसाद वितरित किया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समस्त गुरु प्यारी साध संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरबाणी का श्रवण करने और गुरु चरणों में अपनी हाजिरी लगाने की विनती की है। कमेटी ने कहा कि गुरबाणी का श्रवण और नाम सिमरन मनुष्य के जीवन को आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।


