-फ्रूट डे पर फल बनकर पहुंचे बच्चे, खेल-खेल में सीखा स्वस्थ जीवन का मंत्र
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। नन्हे कदम, रंग-बिरंगी वेशभूषा और चेहरे पर खिलखिलाती मुस्कान… पीबीआरपी एकेडमी दिबियापुर में फ्रूट डे का आयोजन बच्चों की कल्पनाओं और खुशियों से सराबोर रहा। पीजी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे विद्यार्थी आम, सेब, केला, संतरा, अनार और अंगूर जैसे फलों की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे तो पूरा परिसर रंगों और उत्साह से खिल उठा। बच्चों की मासूम अदाओं ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली की सीख देने का अनूठा माध्यम बना। फलों के रंग, आकार, स्वाद और पौष्टिकता से परिचित कराते हुए उन्हें ताजे फल खाने तथा जंक फूड से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। खेल और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों में सीखने की रुचि, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।
प्री-प्राइमरी विंग की समन्वयक अनीता दीक्षित के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षिकाओं निकिता, रिचा पोरवाल, सोनाक्षी, निशा, अनामिका सविता सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फ्रूट डे ने बच्चों को संदेश दिया कि स्वस्थ खानपान ही मजबूत शरीर और बेहतर भविष्य की नींव है। छोटी उम्रदराज में विकसित अच्छी आदतें ही आगे चलकर स्वस्थ जीवन की राह तैयार करती हैं।


