केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत स्व-गणना अभियान की प्रगति और तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी पंकज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद के समस्त मास्टर ट्रेनर एवं फील्ड ट्रेनर शामिल हुए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी मास्टर ट्रेनरों एवं फील्ड ट्रेनरों को निर्देश दिया कि वे स्वयं अपनी स्व-गणना सुनिश्चित करने के साथ 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित स्व-गणना अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, ताकि जनगणना से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित जनसंख्या गणना का कार्य त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में जिला जनगणना प्रभारी सुजीत कुमार, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


