•500-500 रुपये के नोटों से बनी थीं करीब 100 फीट लंबी मालाएं, अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो वायरल
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
सुरीर। शादी समारोह में अक्सर दूल्हे को अनोखे उपहार मिलते हैं, लेकिन मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला फौदा में शनिवार को हुई घुड़चढ़ी में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां जीजा ने अपने दोनों सालों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाकर सबका ध्यान खींच लिया। इस अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव नगला फौदा निवासी ठाकुर योगेंद्र सिंह और कुशलपाल के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को धूमधाम से घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है। शादी की खुशियों के बीच राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोली निवासी उनके जीजा योगेश कुमार ठाकुर ने दोनों सालों को खास तोहफा देने की तैयारी की थी।
घुड़चढ़ी के दौरान योगेश कुमार ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई। बताया गया कि प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इतनी लंबी और भारी मालाओं को संभालना भी लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। जैसे ही दोनों दूल्हे नोटों की मालाएं पहनकर घुड़चढ़ी में शामिल हुए, वहां मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों की निगाहें उन पर टिक गईं। लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
बताया जाता है कि दोनों दूल्हे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। प्रशांत और कान्हा राघव मार्बल एवं पत्थर के शोरूम का संचालन करते हैं।
जीजा की ओर से दिए गए इस अनोखे तोहफे ने शादी समारोह को खास बना दिया। अब नोटों की विशाल मालाओं वाली घुड़चढ़ी का वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


