•गुरुद्वारा डेरा बाबा करम सिंह साहिब में जुटेगी संगत, कीर्तन और दीपमाला के साथ होगा आयोजन
मथुरा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार, 24 नवंबर को मथुरा में भव्य गुरमत समागम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम गुरुद्वारा डेरा बाबा करम सिंह साहिब जी, होती मर्दान वाले, सी-54 कृष्णा नगर में धन-धन गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में आयोजित होगा। समागम का आयोजन सचखंडवासी संत बाबा रोशन सिंह जी एवं वर्तमान गद्दीनशीन संत बाबा त्रिलोक सिंह जी की प्रेरणा से किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत शाम छह बजे दीपमाला एवं पाठ सोदर रहिरास साहिब से होगी। शाम 6:30 बजे से आरती एवं कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृष्णा नगर की स्त्री सत्संग जत्था संगत को गुरुवाणी से निहाल करेगा। इसके बाद शाम सात बजे से आठ बजे तक मथुरा के भाई कुलभूषण (पप्पू जी) शब्द कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
रात्रि आठ बजे से 9:30 बजे तक आगरा के भाई महेन्द्र पाल सिंह जी गुरुवाणी का गायन करेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे अरदास के साथ समागम की समाप्ति होगी। कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त संगत से समय पर पहुंचकर गुरमत समागम में सहभागिता करने और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि समागम में पंथ के कीर्तनी जत्थे गुरुवाणी के शब्द कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।


