•ओवरलोडिंग पर रोक लगाने और गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रभारी मंत्री मनोज पाण्डे की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में चीनी मिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित गन्ना क्रय केंद्रों की संख्या, वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और कमलापुर स्थित चीनी मिल के संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने गन्ना ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों में ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत ओवरलोडिंग के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
प्रभारी मंत्री ने गन्ना क्रय केंद्रों एवं चीनी मिलों में किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गन्ना आपूर्ति के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी तथा विभिन्न चीनी मिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।


