केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने बताया है कि बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत विकास खण्डों पर आवेदन प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में उक्त योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु सामान्य जाति हेतु 20 एवं अनुसूचित जाति हेतु 13 का लक्ष्य निर्धारित है। यानी कुल 33 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त आवेदकों को सूचनार्थ अवगत कराया गया है कि जिलाधिकारी के अनुमोदन/स्वीकृति के क्रम में जिला स्तरीय चयन एवं क्रियान्वयन समिति द्वारा विकास भवन, सन्त कबीर नगर के सभाकक्ष में दिनांक 27-11-2026 को पूर्वान्ह 11:00 बजे आवेदकों का साक्षात्कार/चयन किया जाना है।
बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों को अपना व्यवसाय, उद्योग या सेवा कार्य शुरू करने के लिए शासन द्वारा निर्धारित नियमानुसार आर्थिक सहायता / अनुदान एवं ऋण की सुविधा दी जाती है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
अतः सभी आवेदनकर्ताओं को सूचित किया जाता है कि अपने विकास खण्ड से सम्पर्क कर विकास भवन, सन्त कबीर नगर के सभाकक्ष में दिनांक 27-11-2026 को पूर्वान्ह 11:00 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
आवेदकों से अपील की गई है कि साक्षात्कार के समय अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र जैसे – आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, शैक्षिक प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो एवं आवेदन पत्र की छायाप्रति साथ लेकर अवश्य आएं। बिना प्रमाण-पत्र के साक्षात्कार में शामिल होना संभव नहीं होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार होगी। सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और समय से पहुंचकर साक्षात्कार में भाग लें।


