•प्रोविजनल वोटिंग का अधिकार,, गन्ना समर्थन मूल्य 600 रूपये प्रति कुंटल नहीं मिला तो 15 दिन बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी।
•DM सीतापुर के माध्यम से मुख्य सचिव और प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। रविवार को मिश्रिख एसडीएम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सत्याग्रह स्थल पहुंचे और सत्याग्रही कल्पना इनामदार तथा राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर दीक्षित से बातचीत की। लंबी वार्ता के बाद प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया।
DM सीतापुर के माध्यम से मुख्य सचिव और प्रधानमंत्री को ज्ञापन
सत्याग्रहियों की ओर से जिलाधिकारी सीतापुर के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मतदाता सूची से छूटे और काटे गए पात्र लोगों के नाम पुनः शामिल करने के साथ प्रोविजनल वोटिंग का अधिकार देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
सत्याग्रहियों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिन के भीतर मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा बड़े स्तर पर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
SDM और बच्ची ने जूस पिलाकर तुड़वाया उपवास
प्रशासन की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन के बाद मिश्रिख एसडीएम और एक बच्ची ने कल्पना इनामदार को जूस पिलाकर उनका उपवास समाप्त कराया। इसके साथ ही छह दिनों से चल रहा उपवास सत्याग्रह फिलहाल समाप्त हो गया।
शेखर दीक्षित ने कहा लिखित आश्वासन के बाद समाप्त किया सत्याग्रह
राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद सत्याग्रह समाप्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन की समय-सीमा महत्वपूर्ण है। यदि इस अवधि में प्रोविजनल वोटिंग सहित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
सत्याग्रह स्थल पर उमड़ा जनसमर्थन
सातवें दिन भी सत्याग्रह स्थल पर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पहुंचे। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
मौके पर अन्ना हजारे के निजी सचिव दत्ता आवारी, डॉ. बृजबिहारी, अरुण कुमार बाबा, मोहित मिश्रा, अंबरीश, अंकित परिहार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


