रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में शोहरतगढ़ विधानसभा के बढ़नी ब्लॉक के जियाभारी गांव में पद्म विभूषण नेता मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के संयोजक मणेन्द्र मिश्रा ने गांधी आदर्श इंटर कॉलेज बढ़नी, श्री बृजेश्वरी इंटर कॉलेज घरुआर तथा क्षेत्रीय जूनियर व प्राथमिक विद्यालयों के 27 सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षकों को अंगवस्त्र और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सिद्धार्थनगर जिले से गहरा जुड़ाव था। जिले के कलेक्ट्रेट और लोहिया कला भवन का उद्घाटन उन्हीं के द्वारा किया गया था। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में जिले में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए। जनपदवासी नेताजी के आजीवन ऋणी रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना कर नेताजी की इस परंपरा को और मजबूत किया है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव (पिछड़ा वर्ग) हरिनाथ यादव ने किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक शकील शाह, प्रदेश सचिव जावेद खान, सेक्टर प्रभारी रामसेवक यादव, बूथ प्रभारी छेदी प्रसाद, पंकज सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।


