•सामाजिक न्याय सम्मेलन में पिछड़े और दलित समाज को साधने की कोशिश, बोले- जनता बदलाव के मूड में।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मथुरा में आयोजित ओबीसी एवं एससी सामाजिक न्याय सम्मेलन में कांग्रेस ने जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर जीत का दावा किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री पंडित श्याम सुन्दर शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मथुरा जिले की पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने नारा दिया, ‘पिछड़े-दलितों का हाथ, कांग्रेस के साथ।’ उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, किसान, युवा और आम जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। आगामी चुनाव में जनता अपने मताधिकार के माध्यम से इसका जवाब देगी।
सम्मेलन के बाद एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में श्याम सुन्दर शर्मा ने मथुरा, मांट, छाता, बलदेव और गोवर्धन विधानसभा सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन सभी क्षेत्रों में मजबूत स्थिति में है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव में सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन पहले से अधिक मजबूत हुआ है। यह लड़ाई केवल सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सम्मान की भी है। पिछड़े और दलित समाज को उनका अधिकार दिलाना पार्टी का संकल्प है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, पिछड़े एवं दलित वर्गों के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दे उठाते हुए सरकार को घेरा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। मंच पर वरिष्ठ नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
साक्षात्कार के दौरान श्याम सुन्दर शर्मा ने हाथ उठाकर पांचों उंगलियां दिखाते हुए पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का भरोसा जताया। उनका यह बयान अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके इस दावे को लेकर समर्थकों में उत्साह है, जबकि राजनीतिक विरोधी इसे चुनावी बयानबाजी करार दे रहे हैं। फिलहाल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के इस दावे ने मथुरा की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।


