रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं सहभागिता कर आमजन को जागरूकता का संदेश दिया। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा गुप्ता एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री पंकज वर्मा ने स्व-गणना प्रक्रिया के माध्यम से अपने आवास एवं परिवार से संबंधित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर स्व-गणना पूर्ण की।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और निर्धारित समयसीमा 30 नवंबर तक अपनी स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश एवं समाज की वास्तविक स्थिति को समझने तथा भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जनगणना 2027 के स्टेट मास्टर ट्रेनर बलवीर सिंह एवं जनगणना कार्यालय मथुरा से कपिल यदुवंशी तथा अंकुर सक्सेना उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं स्व-गणना किए जाने से अभियान को प्रोत्साहन मिला है। साथ ही आमजन में स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक नागरिकों को इस प्रक्रिया से जोड़ने का सकारात्मक संदेश भी गया है।


