रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें।
जिलाधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में नागरिक अपने संबंधित मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांच सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नाम जुड़वाने हेतु फार्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं ऐसे नागरिकों से अपील की है, जो आगामी 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन अवश्य करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदेय स्थलों पर दर्ज होने की स्थिति में संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फार्म-8 के माध्यम से आवश्यक स्थानांतरण की कार्यवाही कराई जा सकती है।
जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार पंजीकरण एवं संशोधन के लिए आवेदन करें तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।


