रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। सड़क दुर्घटना में दो वर्ष पहले जान गंवाने वाले रजत चौबे की याद में सोमवार को उनके परिजनों ने साड़ी चौराहे पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 300 से अधिक हेलमेट बांटकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव भी मौजूद रहे।
एएसपी और नगर पालिका अध्यक्ष ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को रोककर हेलमेट वितरित किए। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की।
रजत के भाई जतिन चौबे ने बताया कि ठीक दो वर्ष पहले इसी चौराहे पर सड़क दुर्घटना में उनके भाई की मौत हो गई थी। हादसे के समय रजत ने हेलमेट नहीं पहना था। इसी घटना से सबक लेते हुए परिवार ने लोगों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
जतिन ने कहा कि दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है, लेकिन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर जोखिम जरूर कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें। घर पर उनके अपने इंतजार कर रहे होते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है।
रजत की स्मृति में आयोजित यह पहल सड़क सुरक्षा के साथ ही दूसरों की जिंदगी बचाने का संदेश भी दे गई।

