रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन मंगलवार को 20,000 दीपों की भव्य रोशनी से जगमगा उठा। शाम होते ही जैसे ही एक साथ हजारों दीप प्रज्वलित हुए, पूरा ब्रज स्वर्णिम आभा से नहा गया। यमुना के घाट, मंदिरों के प्रांगण, मुख्य चौराहे और सड़कें दीपों की जगमगाहट से ऐसे लग रहे थे, मानो ब्रज में फिर से दीपावली आ गई हो।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ दीप जलाए और यमुना मैया व भगवान श्रीकृष्ण-राधा रानी से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दीपदान के समय शंखनाद, घंटियों की आवाज और राधे-राधे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस अलौकिक दृश्य का आनंद लिया। कई श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे और दीपों की इस मनमोहक छटा को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। यमुना में झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब देखने लायक था, जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
नगर निगम की ओर से इस भव्य दीपोत्सव के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। घाटों की सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और दीपों की व्यवस्था को लेकर नगर निगम की टीम दिनभर जुटी रही। नगर निगम के इस प्रयास की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के आयोजन ब्रज की संस्कृति और परंपरा को और मजबूत करते हैं।
देर रात तक दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगाता रहा और ब्रज की इस दीपमाला ने सभी के मन को मोह लिया।


