•संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की जिला बैठक आयोजित, बूथ स्तर तक अभियान चलाने का आह्वान
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी जिला मथुरा की ओर से संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पूरन प्रकाश मौजूद रहे। बैठक में संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और संविधान की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों को समझते हुए सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचितों, शोषितों और महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के उद्देश्य से संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान गौरव अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी एवं आकाश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष जगमोहन पाठक, अनिल चौधरी, मनीषा पाराशर, वीरचंद्र गुर्जर, मुकेश वार्ष्णेय एवं मुदिता शर्मा, जिला मंत्री अजय जाटव, रणवीर सिंह, भानु प्रताप, ओमप्रकाश सैनी एवं सुरेश तरकर सहित जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी उपस्थित रहे।


