•विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 की समीक्षा, 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाने पर जोर
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बीते मंगलवार को तहसील सदर सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में सदर क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजरों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में सक्रियता बरतने और बूथ स्तर पर मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि बीएलओ अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे सभी पात्र नागरिकों का अधिकाधिक संख्या में फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराया जाए। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ घर-घर संपर्क स्थापित किया जाए।
डीएम ने निर्देशित किया कि बीएलओ अपने आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें और पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दें। वहीं सुपरवाइजर नियमित क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और प्रगति का सत्यापन करें। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने अथवा निर्वाचन कार्यों में रुचि नहीं लेने वाले बीएलओ के संबंध में तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और निर्वाचक नामावली शुद्ध, समावेशी एवं अद्यतन बन सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, तहसीलदार सदर अमित त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सहित सदर क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर मौजूद रहे।


