•समस्त 35 जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक संपन्न, सभी 2263 बीएलओ को सक्रिय कर घर-घर संपर्क करने के निर्देश।
मथुरा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision) कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह जी की अध्यक्षता में जनपद के समस्त 35 जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के साथ-साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं का पंजीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जाए तथा अधिकाधिक पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में अनिवार्य रूप से सम्मिलित हो।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के मतदाता पंजीकरण पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन पात्र महिलाओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर फॉर्म-6 भरवाया जाए। महिला मतदाताओं के पंजीकरण में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा पात्र महिलाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 2263 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ केवल बूथ पर बैठकर आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर संपर्क करें। प्रत्येक घर में पात्र मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन करें और जिन युवाओं, महिलाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें। आवेदन भरने में किसी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्रदान करें।
उन्होंने समस्त 35 जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की नियमित निगरानी करें तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें। प्रत्येक बूथ पर पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां मतदाता पंजीकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम हो, वहां विशेष प्रयास करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय, सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ-साथ मतदाता सूची में दर्ज नामों एवं अन्य विवरणों की भी गंभीरता से जांच की जाए। पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने, अपात्र प्रविष्टियों तथा त्रुटियों से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी बीएलओ को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
*फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराएं।*
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जनपद के युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा हो चुकी है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 अवश्य भरें। इसी प्रकार ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाया है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
*विशेष कैंपों के माध्यम से होगा मतदाता पंजीकरण।*
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत दिनांक 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस के रूप में कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में संबंधित बीएलओ उपस्थित रहकर फॉर्म-6, 7 एवं 8 प्राप्त करेंगे। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों से संबंधित आवश्यक दावे एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन दोनों विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां।*
जिलाधिकारी ने बताया कि एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन दिनांक 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। इसके उपरांत दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जनपद में वर्तमान में कुल 17,05,238 मतदाता हैं, जिनमें 9,30,757 पुरुष मतदाता, 7,74,443 महिला मतदाता तथा 38 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों का नाम शामिल होना आवश्यक है। विशेषकर महिला एवं युवा मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी प्रभावी प्रयास करें।
*ऑनलाइन भी देख सकते हैं मतदाता सूची एवं करा सकते हैं पंजीकरण।*
जनपदवासी अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करने तथा नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://mathura.nic.in के डीईओ पोर्टल पर संबंधित जनपद एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का चयन कर मतदाता सूची देखी जा सकती है। पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, फॉर्म 7 भरकर नाम हटवा सकते है तथा फॉर्म 8 भरकर संशोधन/ निवास परिवर्तन आदि करा सकते है।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित समयावधि में फॉर्म-6 भरकर अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। विशेषकर युवा एवं महिलाएं इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक करें। आपका एक कदम, लोकतंत्र को बनाएगा और मजबूत। अपना वोट बनवाएं, लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
बैठक में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राधावल्लभ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी गोवर्धन संजय सिंह, उप जिलाधिकारी मांट चंद्रभूषण प्रताप, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, उप जिलाधिकारी महावन प्राजक्ता त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी छाता साक्षी शर्मा, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृन्दावन राजकुमार चौधरी, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति सहित समस्त अन्य जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।


