•आईटी एक्ट के मामलों की समीक्षा कर परखी प्रगति, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन पर दिया जोर
अम्बेडकरनगर। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों की विवेचना को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संबंधित विवेचकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए विवेचना में तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत दर्ज अभियोगों की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में साक्ष्यों का नियमानुसार संकलन, सुरक्षित रखरखाव और वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विवेचना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या कानूनी कमी न रह जाए।
उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत ही प्राप्त किए जाएं और प्रत्येक मामले में निष्पक्षता के साथ समयबद्ध विवेचना पूरी की जाए। साक्ष्यों की प्रमाणिकता और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
समीक्षा के दौरान विवेचकों ने साइबर अपराधों की विवेचना में आने वाली तकनीकी एवं कानूनी समस्याओं से भी एसपी को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान कराते हुए लंबित अभियोगों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक विवेचना को साक्ष्य आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए।


