•विद्यार्थियों को दिलाई गई बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर उदया इंटरनेशनल स्कूल, भुजैनी में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक (DMC) सुश्री मोनिका शुक्ला एवं जेंडर स्पेशलिस्ट श्री अमन कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों, इसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी।
साथ ही, उन्होंने बच्चों को बाल विवाह अथवा बाल अधिकारों से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक रहने तथा इसकी रोकथाम में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एवं संस्थापक निदेशक श्री उदय राज तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करने वाली गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस कुरीति के विरुद्ध जागरूक होकर आगे आना चाहिए, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य मिल सके।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री अंकित राज तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली माध्यम है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए परिवारों, विद्यालयों और समाज के बीच समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाना भी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश रंजन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का बचपन शिक्षा, संस्कार, खेलकूद और अपने सपनों को साकार करने के लिए होता है, न कि विवाह जैसी जिम्मेदारियों के बोझ तले दबने के लिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस विषय में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने जिला प्रोबेशन कार्यालय से आए अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के वरिष्ठ समन्वयक श्री मनप्रीत सिंह एवं श्रीमती पुष्पांजलि सिंह के साथ श्री सूर्यसेन मिश्रा, श्री अरविंद शुक्ला, श्री रूपम शुक्ला एवं कुमारी खुशी तिवारी का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सभी को मिलकर ऐसा समाज बनाने का प्रयास करना चाहिए, जहां प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम का समापन बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।


