•अमृतमयी प्रवचनों से भक्तिरस में डूबा बेला, श्रद्धालुओं को कथा के संदेश आत्मसात करने की सीख
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
बेला (औरैया)। कस्बा बेला में बिधूना रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के सामने आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में इन दिनों भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कथा व्यास आचार्य मुनेन्द्र द्विवेदी जी महाराज (आश्रम मेंहदी घाट, कन्नौज) के अमृतमयी, संगीतमय और भावपूर्ण प्रवचनों से पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा प्रसंग के दौरान आचार्य मुनेन्द्र द्विवेदी जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के महात्म्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि जीवन में उतारने का माध्यम है। कथा का वास्तविक फल तभी प्राप्त होता है, जब मनुष्य पूरे मन, श्रद्धा और एकाग्रता के साथ इसका श्रवण करे तथा इसमें निहित आध्यात्मिक और जीवनोपयोगी शिक्षाओं को अपने आचरण में शामिल करे।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को भक्ति, सदाचार और सत्कर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। भागवत कथा व्यक्ति को सही दिशा दिखाने के साथ ही मन में सकारात्मक विचार, सेवा भाव और संस्कारों का संचार करती है।
उनके ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान भजन और संगीतमय प्रस्तुतियों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
धार्मिक आयोजन में परीक्षित एवं आयोजक रजोली देवी तथा पूर्व केंद्रीय पुलिस निरीक्षक सुरेशचन्द्र यादव (मनुआं पुरवा) की प्रमुख भूमिका है। वहीं यज्ञपति के रूप में आशा देवी एवं रमेशचन्द्र यादव तथा चांदनी एवं रोहित यादव धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभा रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण में डूबा हुआ है।

