रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। नागरिक सुरक्षा मथुरा की वार्डन पोस्ट संख्या-1 के तत्वाधान में आज गोकुल बैराज पर एक भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुप्रसिद्ध ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में देश-विदेश से उमड़ रहे श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा के मद्देनजर वार्डन पोस्ट संख्या-1 द्वारा सेवा भाव से एक विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।



परिक्रमा मार्ग पर सुबह से ही परिक्रमार्थियों का भारी सैलाब उमड़ रहा था, जिनकी सेवा के लिए नागरिक सुरक्षा के जांबाज वार्डनों ने गोकुल बैराज पर पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाला। लंबी यात्रा और मौसम की थकान को देखते हुए टीम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, विश्राम और भंडारे के महाप्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई।
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा की वार्डन पोस्ट संख्या 01 के पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव ने बताया कि नागरिक सुरक्षा संगठन जहां एक ओर आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था में प्रशासन के सहयोग के लिए चौबीसों घंटे मुस्तैद रहता है, वहीं ब्रजभूमि में आने वाले परिक्रमार्थियों और संतों की नि:स्वार्थ सेवा करना भी संगठन का परम कर्तव्य और सौभाग्य है।
चौरासी कोस परिक्रमा के भक्तों की सेवा कर पूरी टीम अभिभूत है। गोकुल बैराज मार्ग पर श्रद्धालुओं को सुगमता से रास्ता पार कराने के साथ-साथ अत्यंत अनुशासित ढंग से प्रसाद का वितरण किया गया। यह पूरा आयोजन नागरिक सुरक्षा मथुरा के उपनियंत्रक श्री कश्मीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस पुनीत कार्य में वार्डन पोस्ट संख्या-1 के पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव, डिप्टी पोस्ट वार्डन विकास सोनी, सेक्टर वार्डन राम सैनी, नंद किशोर, लखन सैनी, गुलशेर, हेमन्त, जयवीर यादव, नरेश अग्रवाल, अरुण कुमार, अविनाश, योगेश और सोनू सहित सभी स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए अनुशासन और सेवा की अनूठी मिसाल पेश की।
देर शाम तक चले इस विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं एवं परिक्रमार्थियों ने प्रसाद ग्रहण किया। नागरिक सुरक्षा की इस सराहनीय पहल और मानवीय दृष्टिकोण की स्थानीय नागरिकों सहित परिक्रमा दे रहे भक्तों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरी टीम को साधुवाद दिया।