भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बचे आप नेता इंजीनियर इमरान लतीफ़, घायलों की मदद कर लौटे डुमरियागंज।

Vijaydoot News

सिद्धार्थनगर। आम आदमी पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष एवं डुमरियागंज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर इमरान लतीफ़ एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हादसा उस समय हुआ जब वह बस्ती से दिल्ली जाने के लिए एक निजी लग्ज़री एसी स्लीपर बस से यात्रा कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंजीनियर इमरान लतीफ़ बस्ती टोल प्लाज़ा से बस में सवार हुए थे। बस दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान हर्रैया के आगे छावनी क्षेत्र पार करते समय रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए।

इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने बताया कि दुर्घटना बेहद भयावह थी और कुछ समय के लिए यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने हादसे के तुरंत बाद घायल यात्रियों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

घायलों को उपचार के लिए भेजने के बाद उन्होंने अपना निजी वाहन बुलाया और दुर्घटना स्थल से सीधे डुमरियागंज वापस लौट आए।

इस हादसे में इंजीनियर इमरान लतीफ़ पूरी तरह सुरक्षित रहे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके सुरक्षित होने पर राहत व्यक्त की। समर्थकों ने इसे ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *