•सड़क पुनर्स्थापन का शेष कार्य 10 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश, बंद पड़ी 75 पेयजल योजनाओं को शीघ्र चालू कराने पर दिया जोर
•जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक
मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन, ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में एक से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित रोड रिस्टोरेशन अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं के अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक श्रमिकों को लगाकर कार्य कराया जाए। साथ ही प्रतिदिन किए गए अनुरक्षण कार्यों की फोटोयुक्त रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता को निर्देशित किया कि ग्रामवार रोस्टर तैयार कर संबंधित एजेंसी को उपलब्ध कराएं और प्रतिदिन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने रोड रिस्टोरेशन अभियान के तहत शेष सड़कों एवं मार्गों का पुनर्स्थापन कार्य 10 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन फेज-4 के कार्यों में भी तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण कर 31 दिसंबर 2026 से जलापूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूर्व में निर्मित 75 पेयजल योजनाओं में बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र चालू कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम दिनेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित टीपीआई, डीपीएमयू एवं संबंधित फर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


