•किसानों ने सौंपा ज्ञापन, डीएम ने अधिकाधिक गन्ने की खेती करने और गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन।
मथुरा। तहसील छाता स्थित चीनी मिल को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने किसानों से अधिकाधिक क्षेत्रफल में गन्ने की खेती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के गन्ने की खरीद सुनिश्चित करेगी। साथ ही किसानों को गन्ने की बेहतर पैदावार के लिए गुणवत्तायुक्त बीज भी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किसान प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपा गया मांगपत्र प्राप्त किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण आलोक राज नारायण, उपजिलाधिकारी छाता अखिलेश कुमार सहित किसानों का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा।


