स्वैच्छिक रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुआ आयोजन।
रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 16वीं वाहिनी, मथुरा में कमांडेंट श्री नितिन कुमार के मार्गदर्शन में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आगरा के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रविवार को प्रातः 9 बजे से 16वीं वाहिनी सीआरपीएफ कैंप, गणेशरा में किया गया।



शिविर के दौरान जवानों, अधिकारियों एवं उनके परिजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें चिकित्सीय परामर्श, रैंडम ब्लड शुगर जांच, रक्तचाप परीक्षण, आवश्यकता अनुसार ईसीजी जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर दवा वितरण शामिल रहा। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आगरा की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने सभी स्वास्थ्य सेवाएं एवं रक्तदान प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई।
रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना तथा बल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में बड़ी संख्या में जवानों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री जयप्रकाश सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी श्री राजेश्वर सिंह यादव, उप कमांडेंट श्री रोहित त्रिपाठी, सहायक कमांडेंट श्री लोकेश चौधरी, श्री राकेश कुमार एवं श्री अनन्त हंस सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी, जवान और उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सीआरपीएफ ने यह संदेश दिया कि देश एवं जनमानस की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी बल की महत्वपूर्ण भूमिका है।