•हनुमान मंदिर के आसपास भी फैला प्लास्टिक कचरा, 200 मीटर के दायरे में गंदगी से राहगीर परेशान
कलवारी, बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार में पावर हाउस के पास स्थित सरकारी कंपोजिट शराब की दुकान के आसपास फैली गंदगी स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। दुकान के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे प्लास्टिक के गिलास और शराब की खाली बोतलों का अंबार लगा रहता है। इससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सुबह 6 बजे से बिक्री और ओवररेटिंग के आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान सुबह करीब 6 बजे ही खुल जाती है और शराब की बिक्री शुरू हो जाती है, जबकि निर्धारित समय सुबह 10 बजे बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि समय से पहले शराब खरीदने वाले ग्राहकों से प्रति बोतल 10 रुपये अतिरिक्त वसूले जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुबह शराब खरीदने वालों की भीड़ के कारण महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
हनुमान मंदिर तक पहुंची गंदगी
शराब की दुकान के बगल में स्थित हनुमान मंदिर के आसपास भी प्लास्टिक कचरा फैला होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। वहीं, आसपास संचालित चखने की दुकानों पर साफ-सफाई की कमी से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मामले की जांच कराने, कथित ओवररेटिंग पर रोक लगाने और दुकान के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


