•डीएम ने कहा- यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी, एसपी ने हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग पर दिया जोर
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को खानपुर चौराहा पर यातायात माह का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन पूरे महीने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और आमजन को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी माध्यम यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और उनका ईमानदारी से पालन करना है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और राहगीर का भी दायित्व है। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने से बचें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाना चाहिए। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। नशे की हालत में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन दौड़ाना दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण देने जैसा है। उन्होंने कहा कि यातायात संकेतों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


