•निःशुल्क दवा वितरण के साथ ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ।
सिद्धार्थनगर। भनवापुर विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरहर, बिजौरा, सोहना, कोहडौरा एवं बिस्कोहर में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में विभिन्न रोगों से पीड़ित कुल 242 मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
मेले में खांसी, गले में खराश, एसिडिटी, फंगल संक्रमण, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य बीमारियों के मरीजों का उपचार किया गया। पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 43 मरीजों, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 52 मरीजों, पीएचसी सोहना में डॉ. बी.के. सिंह ने 36 मरीजों, पीएचसी कोहडौरा में डॉ. राहुल कुमार ने 51 मरीजों तथा पीएचसी बिस्कोहर में डॉ. एस.सी. शर्मा ने 60 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि आवश्यक दवा सूची के अनुसार सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान पी.एन. तिवारी, त्रिशूलधर चतुर्वेदी, धीरज राय, अंबुज श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, विनय किशोर, मनोज मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।