•प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई।
सिसवा बाजार (महराजगंज)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोठीभार थाना परिसर में पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न अखाड़ों के खलीफा, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह ने सभी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा पारंपरिक तरीके से शांतिपूर्वक मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि 10 फुट से अधिक ऊंचे ताजिए का निर्माण नहीं किया जाएगा।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि ताजियों की स्थापना केवल उन्हीं स्थानों पर की जाएगी, जहां पूर्व से परंपरागत रूप से स्थापना होती रही है। किसी भी विवादित स्थल पर सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना ताजिया निर्माण अथवा स्थापना नहीं की जाएगी।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम का पर्व परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। उन्होंने किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का आग्रह किया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए मुहर्रम को शांति एवं सद्भाव के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का निर्णय भी लिया।
इसके अलावा बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त कराने, सड़कों की मरम्मत, जुलूस मार्गों की साफ-सफाई तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार अंकुर सिद्धार्थ, शिबू बनारसी सहित क्षेत्र के प्रधान, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।