सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी।

Spread the love

•हरकी पौड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर रही भारी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटा रहा प्रशासन।

हरिद्वार (उत्तराखंड)। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरिद्वार में गंगा स्नान और पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। स्नान पर्व को लेकर एक दिन पूर्व से ही शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी थी।

सोमवती अमावस्या के दिन हरकी पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड सहित विष्णु घाट, राम घाट, मालवीय द्वीप तथा अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते अपर रोड, भोला गिरी रोड, मोती बाजार, बड़ा बाजार, जहान्वी मार्केट, सब्जी मंडी चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में दिनभर भीड़ का दबाव बना रहा। वहीं बाईपास मार्ग और ओवरब्रिज क्षेत्र में भी यातायात प्रभावित रहा तथा कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।

भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए थे। प्रमुख मार्गों और घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे ताकि स्नान पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिरों एवं घाटों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं पितरों की शांति के लिए तर्पण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपने-अपने पुरोहितों को यथाशक्ति दक्षिणा अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में दिनभर धार्मिक उल्लास और आस्था का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं के जयघोष और गंगा तटों पर उमड़ी भीड़ ने धर्मनगरी को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *