संत कबीर नगर में मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप, डीएम से सुरक्षा की गुहार।

Spread the love

संत कबीर नगर। जनपद के खलीलाबाद निवासी एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत एक कर्मचारी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई है।

प्रार्थी त्रियुगी नारायण दूबे ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 27 मई 2026 को खलीलाबाद बाईपास ओवरब्रिज के नीचे हुई घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे के आरोपी हेमंत तिवारी एवं उनके सहयोगी लगातार उन पर समझौते और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, विरोधी पक्ष के लोगों द्वारा रास्ते में रोककर धमकियां दी जा रही हैं। प्रार्थी का आरोप है कि उनसे कहा जा रहा है कि यदि उन्होंने मुकदमा वापस नहीं लिया तो उनके साथ अथवा उनके परिवार के सदस्यों के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्हें सड़क दुर्घटना, अपहरण तथा झूठे मुकदमे में फंसाने जैसी धमकियां दी जा रही हैं।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को बताया कि इन धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपितों और उनके सहयोगियों की होगी।

प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराते हुए आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें एवं उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में आरोपित पक्ष का कोई बयान प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *