लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार आरोपी गिरफ्तार, गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने हथियार किया बरामद।

Spread the love

लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 12 बोर डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है। पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के मुताबिक, पाम रेजीडेंसी, बक्काश निवासी रजनीश सिंह ने 14 जून 2026 को थाना गोमतीनगर विस्तार में तहरीर देकर बताया था कि एक युवक उनकी लाइसेंसी 12 बोर डबल बैरल बंदूक छीनकर फरार हो गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। बुधवार तड़के शहीद पथ के किनारे रेलवे लाइन सर्विस रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रेयस वशिष्ठ उर्फ मानस सिंह (22) पुत्र राजेश सिंह, निवासी ग्राम बीकामऊ खुर्द, थाना बीकेटी तथा वर्तमान निवासी जानकीपुरम गार्डेन, थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वादी की लूटी गई 12 बोर डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली। बरामदगी के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।

प्रारंभिक जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में थाना जानकीपुरम में आर्म्स एक्ट तथा थाना विभूतिखंड में धमकी, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार कनौजिया, आयुष यादव, लवलेश कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *