रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जनपद के ग्राम कुतुबनगर स्थित ठाकुर परशुराम सिंह चौहान इंटर कॉलेज के खेल मैदान में भारतीय सेना में नवचयनित 11 युवाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सभी चयनित सैनिकों का माल्यार्पण एवं पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एक साथ 11 युवाओं का भारतीय सेना में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। भर्ती से पूर्व युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले मुकेश राज के प्रयासों की भी सराहना की गई। बताया गया कि उनके मार्गदर्शन में अब तक अनेक युवक-युवतियां सेना एवं पुलिस सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं।
समारोह में युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देशसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। साथ ही आशा व्यक्त की गई कि आने वाली भर्तियों में कुतुबनगर से चयनित होने वाले युवाओं की संख्या और अधिक बढ़े तथा क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा सेना में शामिल होकर देश की सेवा करें।
कार्यक्रम में सुनील शुक्ला, विजेंद्र सिंह चौहान, अभय सिंह तोमर, सुधीर सिंह चौहान, चित्रकेत सिंह, धीरेन्द्र सिंह, योगेश सिंह, आर्यन मौर्य सहित सेना भर्ती की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवक-युवतियां एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवचयनित सैनिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।