•“योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है” — विधायक अजय सिंह
बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को हर्रैया विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में राम रेखा मंदिर, अमोढ़ा परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी संजीव त्यागी, एसडीएम हर्रैया उमाकांत त्रिपाठी, सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, डीडी कृषि अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी बी.एल. मौर्य, बीडीओ विनोद सिंह, संदीप सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, त्रिकोणासन, शवासन, प्राणायाम तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन किए। इस दौरान योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। पूरे कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण रहा और प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की यह अमूल्य धरोहर आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने और इसके प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के उपरांत विधायक एवं अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। विधायक ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग और स्वच्छ पर्यावरण दोनों समान रूप से आवश्यक हैं तथा पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन जलपान एवं फलाहार वितरण के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख केके सिंह, श्रीश पाण्डेय, देवेंद्र सिंह, छोटे सिंह, महेंद्र सिंह, आत्मा प्रसाद पाठक, ध्रुव नारायण सिंह, विधायक प्रतिनिधि सरोज बाबा, सभासद धर्मध्वज सिंह, अंतेश सिंह बब्बू, अतुल तिवारी, अमरनाथ सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।