मसूरी में अब नहीं लगेगा लंबा जाम! इको टैक्स और माल रोड एंट्री पर होगी FASTag से डिजिटल वसूली।

Spread the love

मसूरी। पर्यटन सीजन में घंटों तक बैरियरों पर लगने वाली वाहनों की लंबी कतारों से जल्द राहत मिलने वाली है। नगर पालिका परिषद मसूरी ने कोल्हूखेत इको बैरियर और माल रोड प्रवेश बैरियर पर FASTag आधारित डिजिटल शुल्क प्रणाली लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। पालिका सभागार में इस संबंध में अधिकारियों, संबंधित कंपनी और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर योजना को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि मौजूदा समय में इको टैक्स और माल रोड प्रवेश शुल्क मैन्युअल तरीके से वसूला जाता है, जिससे पर्यटन सीजन में लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन बिना अधिक देर रुके बैरियर पार कर सकेंगे। पालिका का लक्ष्य अगले तीन महीनों के भीतर इस प्रणाली को लागू करना है।

नई व्यवस्था के तहत कोल्हूखेत इको बैरियर पर तीन अलग-अलग लेन बनाई जाएंगी। पहली लेन FASTag वाले वाहनों के लिए, दूसरी स्थानीय निवासियों के लिए और तीसरी दोपहिया वाहनों के लिए होगी, जहां फिलहाल मैन्युअल शुल्क लिया जाएगा। माल रोड प्रवेश बैरियर पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जाएगी।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि मसूरी के स्थायी निवासियों को विशेष पास की सुविधा मिलेगी। इसके लिए वाहन मालिकों को नगर पालिका में पंजीकरण कराना होगा। सत्यापन के बाद नाममात्र शुल्क पर पास जारी किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मीरा सकलानी ने कहा कि नई डिजिटल प्रणाली से इको टैक्स की पूरी वसूली ऑनलाइन रिकॉर्ड होगी और आय का विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, राजस्व की निगरानी आसान होगी और भ्रष्टाचार या अनियमितता की आशंकाएं भी खत्म होंगी।

उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि यदि इस योजना को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति हो तो अगले तीन महीने के भीतर लिखित रूप में नगर पालिका को भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *