शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन से भाजपा ने फूंका 2027 चुनाव का बिगुल।

Spread the love

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले— कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनेगी फिर भाजपा सरकार, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के माध्यम से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के समर्थन से वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

सम्मेलन से पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल और अटल प्रेरणा स्थल पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के राष्ट्रवाद, सुशासन और अंत्योदय के विचार आज भी देश के विकास का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री ने पौधरोपण भी किया तथा प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने माफिया और अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर प्रदेश में सुशासन स्थापित किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। गरीबों को आवास, निःशुल्क राशन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुरक्षा, शौचालय और उज्ज्वला गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां तथा स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसर प्रदान किए गए हैं।

उन्होंने शक्ति केंद्र संयोजकों से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र संयोजक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *