बस्ती। बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को ड्रेस, जूता एवं मोजा खरीदने के लिए 1200 रुपये की डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) राशि के हस्तांतरण तथा एसबीआई के साथ हुए एमओयू का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया गया। कार्यक्रम का जनपद बस्ती स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में सजीव प्रसारण किया गया।



कार्यक्रम में शासन स्तर से नामित अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, गुलाब चन्द्र सोनकर एवं अंकुर वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार ने प्रस्तुत की, जबकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 शिक्षकों तथा 10-10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं शिक्षण सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में सभी उप जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।