मथुरा में वृक्षारोपण महाभियान-2026 की तैयारियां तेज, 12 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण।

Spread the love

​मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा बैठक हुई संपन्न। दिनांक 12 जुलाई 2026 को जनपद में होगा वृहद वृक्षारोपण।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आगामी 12 जुलाई 2026 को शासन द्वारा निर्धारित तिथि पर जनपद में ‘वृहद वृक्षारोपण’ का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। ​शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई को जनपद में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों आदि को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी ‘आदर्श साइटों’ को तत्काल चिन्हित करें और उन्हें समय सीमा के भीतर पूर्णतः तैयार रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल के मैदानों, अमृत सरोवरों, सड़कों के किनारे, एस0टी0पी0 प्लांटों, स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटियों, औद्योगिक क्षेत्रों, पार्कों, मंडी क्षेत्रों, अस्पतालों, नहर किनारे, परिक्रमा मार्ग, यमुना किनारे आदि में वृहद वृक्षारोपण किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बरगद, पीपल, नीम, जामुन, पाकड़, गुलमोहर, पलाश, अशोक सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी, शिक्षण संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने आह्वान किया कि ‘चलो वापस करे बृज की हरियाली।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आदर्श साइटों का चिन्हांकन करते हुए समय पर उन स्थलों को प्राथमिकता दें, जहाँ ‘मियांवाकी पद्धति’ से वृक्षारोपण किया जा सके। उक्त स्थानों को लाड़ली वन के रूप में विकसित किया जाएगा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम की सघन निगरानी के लिए निर्वाचन की भांति ही जनपद स्तर पर एक ‘एकीकृत नियंत्रण कक्ष/ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर’ स्थापित किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक साइट की पल-पल की प्रगति और गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

जनपद में वर्षाकाल हेतु कुल 33,25,200 पौधों का संशोधित लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें वन विभाग का लक्ष्य 4,68,000 पौधे है। प्रभागीय निदेशक ने अवगत कराया कि वन विभाग के पास पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं और इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ गैर-सरकारी एवं सामाजिक संगठनों का भी सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है।

सभी नोडल अधिकारियों को पौधों के समयबद्ध उठाव, गड्ढों की खुदाई और ‘हरीतिमा अमृत वन ऐप’ के माध्यम से जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को सफल बनाया जा सके। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद के सभी नागरिकों, माननीय जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं से इस महाभियान में सक्रिय भागीदारी करने और मथुरा को हरित बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने का आह्वान किया है।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर, उप जिलाधिकारी सदर आदेश कुमार, उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, उप जिलाधिकारी महावन ऊषा सिंह सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं खण्ड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *