रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत सरकार से अधिकृत एवं नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सी.सी.सी. कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी के अभिभावक की वार्षिक आय ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा अभ्यर्थी के पास अन्य पिछडा वर्ग का वैध जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी किसी अन्य संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।
‘ओ’ लेवल कम्प्यूटर प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष तथा सी.सी.सी. प्रशिक्षण की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी पिछडा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट obccomputertraining.upsdc.gov.in के माध्यम से “20 जुलाई 2026” तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, राजीव भवन, कक्ष संख्या-22जी, मथुरा में संशोधित अंतिम तिथि “20 जुलाई 2026” तक जमा करना अनिवार्य होगा।
प्रशिक्षण योजना, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आवेदन करने से पूर्व दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर लें।